Explore

Search

September 27, 2026 7:48 pm

बाढ़ में फंसे एक ही परिवार के नौ लोग सुरक्षित निकाले गए, बलौदा पुलिस-एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

गिधौरी में महानदी जाने वाले मार्ग पर मकान के चारों ओर भर गया था पानी, संयुक्त टीम ने बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सभी को निकाला

CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में लगातार बारिश के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। रविवार को गिधौरी थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी से घिरे मकान में फंसे एक ही परिवार के नौ लोगों को पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गिधौरी में महानदी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक मकान के चारों ओर अचानक बाढ़ का पानी भर गया। जलस्तर बढ़ने के कारण मकान में मौजूद नौ लोग पानी से घिर गए और बाहर नहीं निकल पा रहे थे। सूचना मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

बोट की मदद से निकाला

बचाव दल ने रेस्क्यू बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक अभियान चलाया। टीम ने मकान में फंसे सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते रेस्क्यू होने से सभी की जान बच गई।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के जलमग्न और बाढ़ प्रभावित इलाकों में पुलिस बल लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है। आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और रपटों के पास न जाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या 112 पर सूचना दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS