Explore

Search

September 27, 2026 7:19 pm

आंगन मिलन में पहुंचीं केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

पोषण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर, अभिभावकों से केंद्रों से जुड़ने की अपील

CBN36 भिलाई, 27 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत भिलाई के सेक्टर-7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार को ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर शामिल हुईं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पोषण, खान-पान और टीकाकरण के संबंध में महिलाओं और बच्चों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है।

पोषण के साथ स्वच्छता भी जरूरी

राज्यमंत्री ने पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और कम वजन तथा कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तो परिवार सशक्त होगा। बच्चों को पर्याप्त पोषण और उचित देखभाल देकर उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है।

उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए घर और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। महिलाओं से कहा कि वे अन्य महिलाओं को भी पोषण, स्वच्छता और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ें अभिभावक

राज्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल कार्यकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए हैं। अभिभावकों को नियमित रूप से केंद्र पहुंचकर बच्चों की वृद्धि, पोषण और सीखने की प्रगति की जानकारी लेनी चाहिए। कार्यकर्ताओं द्वारा दिए जा रहे मार्गदर्शन में भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को सफल बनाने में जनता की सहभागिता जरूरी है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।

संगीता, गुरमीत समेत सात लोगों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहयोग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता खड़से और गुरमीत कौर, सहायिका कामिन साहू और डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुन्तला तथा आंगनबाड़ी में सहयोग करने वाली डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें मोटे अनाज के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन हुआ।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र कौशिक, पुरुषोत्तम देवांगन, महिला मोर्चा भिलाई की अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार साहू सहित परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS