Explore

Search

September 27, 2026 6:14 pm

यूजीसी-नेट की तैयारी के लिए हिंदी विश्वविद्यालय में मार्गदर्शन कक्षाएं शुरू

70 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन, सप्ताह में चार दिन होगी कक्षाएं

CBN36 वर्धा, 27 सितंबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में पहल करते हुए यूजीसी-नेट परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन कक्षाएं शुरू की हैं। शिक्षा विद्यापीठ की पहल पर शिक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षण एवं नियोजन सेल के तत्वावधान में शिक्षाशास्त्र के विद्यार्थियों के लिए ‘यूजीसी-नेट मार्गदर्शन व्याख्यान शृंखला’ का शुभारंभ 25 सितंबर को कस्तूरबा सभागार में किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक-शिक्षा के विद्यार्थियों का सशक्तीकरण राष्ट्र-निर्माण की आधारशिला है। स्वप्रेरणा से शुरू किए गए इस प्रयास के लिए विभाग के शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षकों की ऐसी स्वैच्छिक और रचनात्मक पहल विश्वविद्यालय की अकादमिक संस्कृति को और समृद्ध करती है।

विश्वविद्यालय के अनुसार, यह पहल कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा के अकादमिक नेतृत्व में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) के लिए सुव्यवस्थित मार्गदर्शन देने का संस्थागत प्रयास है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं पेशेवर तैयारी को मजबूत करने के साथ उनकी रोजगारपरकता बढ़ाना है।

व्याख्यान शृंखला के तहत एमए एजुकेशन, एमएड एवं एकीकृत बीएड-एमएड के विद्यार्थियों के लिए सप्ताह में चार दिन नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इनमें यूजीसी-नेट के प्रश्नपत्र-1 और प्रश्नपत्र-2 दोनों की तैयारी के लिए विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस पहल के लिए अब तक 70 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है।

कार्यक्रम का समन्वय नियोजन प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर पाण्डेय और डॉ. हरीश पाण्डेय ने किया। उन्होंने मार्गदर्शन व्याख्यान शृंखला के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरी शर्मा ने किया। इस अवसर पर शिक्षा विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. गोपाल कृष्ण ठाकुर, विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS