Explore

Search

September 24, 2026 10:29 pm

युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री साय

एनएसएस के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, उत्कृष्ट स्वयंसेवक सम्मानित

छह लाख विद्यार्थियों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ का प्रावधान; 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य

नई औद्योगिक नीति में स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता, डेढ़ साल में मिले 8.25 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

CBN36 रायपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थापना दिवस पर एनएसएस स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।

सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं युवा

मुख्यमंत्री ने एनएसएस स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों को जनआंदोलन बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी सेवा कार्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। एक युवा की छोटी पहल भी पूरे समाज को प्रेरित कर सकती है। युवाओं की सकारात्मक पहल के साथ परिवार, समाज और समुदाय भी जुड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए ‘मेरा युवा भारत’ जैसे व्यापक मंच तैयार किए गए हैं। युवाओं को नेतृत्व, कौशल विकास और अनुभव आधारित सीख के अवसर मिल रहे हैं।

भर्ती और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार युवाओं के मन में भर्ती परीक्षाओं को लेकर भरोसा मजबूत करने के लिए काम कर रही है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है। परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए भी सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब सात हजार युवाओं की भर्ती की गई है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए वर्षाकाल के बाद रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।

निवेश के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। कई परियोजनाओं में धरातल पर काम भी शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नीति में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है।

2030 तक पांच हजार स्टार्टअप का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।

नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में पांच हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता, कौशल और नई तकनीकों से जोड़ा जा रहा है।

छह लाख विद्यार्थियों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले समय में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन सहित लगभग हर क्षेत्र को प्रभावित करेगी। युवाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश के छह लाख विद्यार्थियों को एआई का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा न बनें।

खिलाड़ियों को भी अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है। खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवाओं का साझा संकल्प है। विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार और सेवा भावना इस यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है।

एनएसएस युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का मंच : टंकराम वर्मा

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है और शिक्षा को रोजगार तथा कौशल से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी राज्य की वास्तविक शक्ति उसकी भौतिक संपदा के साथ-साथ युवाओं की चेतना, ऊर्जा और समाज के प्रति संवेदनशीलता में निहित होती है। एनएसएस युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर देता है। इससे उनमें नेतृत्व, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चम्पावत, आयुक्त रीता यादव सहित एनएसएस से जुड़े अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS