
पुरुष वर्ग में भाषा विद्यापीठ बना चैंपियन, महिला वर्ग में शिक्षा विद्यापीठ ने जीता खिताब
CBN36 वर्धा, 24 सितंबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर विद्यापीठ खेल महोत्सव के तहत तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। 21 से 23 सितंबर तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, दमखम और खेल भावना का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में ‘कबड्डी-कबड्डी’ के जयघोष और दर्शकों की तालियों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में भाषा विद्यापीठ और विधि विद्यापीठ की टीमें आमने-सामने थीं। भाषा विद्यापीठ की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की बेहतरीन रेडिंग और मजबूत रणनीति के सामने विधि विद्यापीठ की टीम टिक नहीं सकी। भाषा विद्यापीठ ने 65-21 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विधि विद्यापीठ की टीम उपविजेता रही।
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में शिक्षा विद्यापीठ की बी.एड.-एम.एड. टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 32-20 से जीत दर्ज की और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला फाइनल में रोमांचक मुकाबला
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबला बेस्ट ऑफ थ्री प्रारूप में खेला गया। शिक्षा विद्यापीठ की छात्राओं ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। इसके बाद साहित्य विद्यापीठ की टीम ने जोरदार वापसी की और दूसरा मुकाबला जीतकर फाइनल को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक मुकाबले में शिक्षा विद्यापीठ की खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार संयम और रणनीति का परिचय दिया। टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मुकाबला जीत लिया और महिला वर्ग की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, संघर्ष और खेल भावना का परिचय दिया। अंतिम मुकाबलों के बाद विजेता टीमों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह और उल्लास नजर आया। इसी के साथ अंतर विद्यापीठ खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रधान संपादक




