Explore

Search

September 24, 2026 9:22 pm

रायगढ़ में पुलिस का शिकंजा: PDS घोटाले का फरार विक्रेता गिरफ्तार, सरकारी जमीन के फर्जी अंतरण में रजिस्ट्री गवाह भी धराया

CBN36 रायगढ़, 24 सितंबर 2026।रायगढ़ में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। PDS खाद्यान्न गड़बड़ी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उचित मूल्य दुकान के विक्रेता को रैरूमाखुर्द पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहीं शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण मामले में कापू पुलिस ने रजिस्ट्री के अनुप्रमाणक साक्षी को दबोचा है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

PDS खाद्यान्न गड़बड़ी में फरार विक्रेता गिरफ्तार

धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न गड़बड़ी के मामले में फरार चल रहे विक्रेता बिहारी राठिया (32), निवासी ससकोबा जूनापारा को रैरूमाखुर्द पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

खाद्य विभाग की 3 सितंबर 2026 को हुई जांच में उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक, कुल करीब 12.89 लाख रुपये का खाद्यान्न कम पाया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त माह में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद भी उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया।

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया था। उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि बिहारी राठिया फरार था।

रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 22 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी धरमजयगढ़ से बस में सवार होकर अपने गांव लौट रहा है। पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक, रैरूमाखुर्द के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने फरवरी से अगस्त 2026 के बीच ससकोबा उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चार रजिस्टर जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

शासकीय जमीन के फर्जी अंतरण में रजिस्ट्री गवाह गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई कापू थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण के मामले में हुई। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री में अनुप्रमाणक साक्षी रहे अगस्तुस खलखो (43), निवासी पोराडाही को गिरफ्तार किया है।

मामले में 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरों में कूटरचना, खसरा बंटाकन और रिकॉर्ड में हेरफेर कर बाहरी व्यक्तियों के नाम फर्जी पट्टे तैयार करने तथा बाद में दलालों के माध्यम से भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप है।

जांच के आधार पर तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, विक्रेता उजितराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 120(बी) भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने 2 सितंबर को तत्कालीन पटवारी राकेश साय को गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे।

अब फरार आरोपियों की तलाश के दौरान अगस्तुस खलखो को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी के कहने पर मामले में शामिल होना बताया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने 20 अक्टूबर 2022 को रजिस्ट्री कार्यालय धरमजयगढ़ में उपस्थित होकर आधार कार्ड जमा करने और रजिस्ट्री दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की है।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अगस्तुस खलखो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और विवेचना जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS