
“एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जशपुर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, एक तस्कर जेल भेजा गया; पिकअप से मिले 9 गौवंश, 2 की मौत”
CBN36 जशपुर, 24 सितंबर। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के सख्त निर्देश पर ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जशपुर और थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 17 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरे मामले में तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त कर फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है।
जंगल के रास्ते पैदल हांककर ले जा रहा था 8 गौवंश
सिटी कोतवाली पुलिस को 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते एक व्यक्ति गौवंशों को हांककर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया।

मौके से पकड़े गए संदिग्ध ने पूछताछ में अपना नाम अजय नगेशिया (36), निवासी कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम बताया। पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 9 गौवंश, दो की मौत
इधर, थाना लोदाम क्षेत्र में 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप क्रमांक JH-05-DD-7297 में गौवंशों को भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद जशपुर की ओर से पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को जामटोली की ओर तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन जामटोली के जंगल के पास चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पिकअप की तलाशी में नौ गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। इनमें दो गौवंशों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने जीवित गौवंशों को बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तस्करी पर एसएसपी की दो टूक-नहीं बख्शे जाएंगे आरोपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। दो अलग-अलग मामलों में 17 गौवंशों को मुक्त कराया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि लोदाम क्षेत्र में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
दोनों मामलों में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया है।
कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, आरक्षक शोभनाथ सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख तथा थाना लोदाम प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक अजय केरकेट्टा, बूटा सिंह और बसंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक




