Explore

Search

September 22, 2026 8:05 pm

असम सरकार बर्खास्त करने की मांग, कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

नगांव में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमले का विरोध, अभयनारायण राय बोले- सड़क से न्यायालय तक लड़ेंगे लड़ाई

CBN36 बिलासपुर। असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हुए कथित हमले के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर असम सरकार को तत्काल बर्खास्त करने और प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि 21 सितंबर को नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार और आमसभा में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, राष्ट्रीय सचिव मनोज चौहान, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं लोकसभा में उपनेता प्रतिपक्ष गौरव गोगोई, कांग्रेस प्रत्याशी शिवा मणि बोरा, असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वाजिद अली चौधरी, सांसद रकीबुल हुसैन सहित स्थानीय कांग्रेस नेताओं के काफिले को रोककर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थर और एसिड की बोतलों से हमला किया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की सूचना और हमले की आशंका की जानकारी स्थानीय प्रशासन एवं असम सरकार को पहले ही दी गई थी। इसके बावजूद नेताओं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ज्ञापन में कहा गया कि भूपेश बघेल को सुरक्षा प्राप्त है और काफिले में शामिल अन्य वरिष्ठ नेता भी सुरक्षा के अधिकारी हैं।

निर्वाचन व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने कहा कि चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के प्रचार-प्रसार एवं सभाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि असम सरकार कानून-व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन में विफल रही है।

‘सड़क से न्यायालय तक लड़ेंगे लड़ाई’

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभयनारायण राय ने कहा कि असम सरकार संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन में असफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं पर हुए हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में अभयनारायण राय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत, शत्रुहन रात्रे, विनोद गौतम, युवा नेता कैफ मेमन, सैयद लक्की, मोहम्मद नदीम खान सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS