
हेल्प डेस्क, प्री-चेक, टोकन सिस्टम और कैशलेस भुगतान से आसान हुई रजिस्ट्री प्रक्रिया
CBN36 रायपुर, 19 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के पंजीयन कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पंजीयन कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है। यहां पंजीयन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीक के साथ व्यवस्थागत बदलाव किए गए हैं। कार्यालय में आने वाले नागरिकों को अब एक ही स्थान पर मार्गदर्शन से लेकर दस्तावेज पंजीयन और भुगतान तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल से विकसित इस मॉडल कार्यालय में नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए पूरी प्रक्रिया को नौ चरणों में व्यवस्थित किया गया है। इसमें कार्यालय में प्रवेश, हेल्प डेस्क से मार्गदर्शन, दस्तावेजों का प्री-चेक, टोकन प्राप्त करना, प्रतीक्षा, पंजीयन, डिजिटल अथवा कैशलेस भुगतान, दस्तावेज एवं स्टेटस की जानकारी और प्रक्रिया पूरी होने के बाद निकास शामिल है।
प्रतिदिन 64 नागरिकों को सेवा

कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिक सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं, जबकि औसतन 16 दस्तावेजों का पंजीयन किया जा रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है। अब तक प्राप्त फीडबैक में 105 सकारात्मक नागरिक प्रतिक्रियाएं दर्ज की गई हैं।
हेल्प डेस्क और टोकन सिस्टम से कम हुई परेशानी

कार्यालय के प्रवेश द्वार पर हेल्प डेस्क और रिसेप्शन की व्यवस्था की गई है। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच यानी प्री-चेक की सुविधा से दस्तावेजों में कमी होने पर इसकी जानकारी पहले ही मिल जाती है। इससे अंतिम चरण में होने वाली परेशानी और बार-बार कार्यालय आने की जरूरत कम होती है।
भीड़ और कतार को व्यवस्थित करने के लिए टोकन आधारित कतार प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है। मुद्रांक शुल्क, पंजीयन शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बोर्ड और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। डिजिटल और कैशलेस भुगतान की सुविधा से लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ी है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा
नागरिकों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरामदायक लाउंज, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की गई है। नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने अनुभव और सुझाव भी सीधे साझा कर सकते हैं।
तकनीक के साथ कार्यसंस्कृति में बदलाव
कार्यालय में सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए समर्पित सर्वर रूम और मजबूत आईटी अधोसंरचना विकसित की गई है। मॉडल पंजीयन कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं के साथ सरल प्रक्रिया, पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर भी जोर दिया गया है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित यह कार्यालय सरकारी सेवाओं को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक उदाहरण के रूप में सामने आया है। व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों के समय का सम्मान करते हुए उन्हें बेहतर सेवा अनुभव उपलब्ध कराना है।
प्रधान संपादक




