Explore

Search

September 19, 2026 6:48 pm

अग्र महाकुंभ-2026: 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 33 जिलों में खुलेंगे उद्यमिता विकास केंद्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में दो दिवसीय अग्र महाकुंभ का किया शुभारंभ, ट्रेड फेयर का उद्घाटन और अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन

CBN36 रायपुर, 19 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता और समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उद्योगों की स्थापना से लेकर रोजगार सृजन और जनसेवा तक समाज ने उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सुरक्षित, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया गया है। इसके तहत अब तक प्रदेश को करीब 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

33 जिलों में बनेंगे उद्यमिता विकास केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और पांच इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ना है।

सरगुजा में पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा अंचल में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं में निवेश तथा रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। उन्होंने अग्रवाल समाज के अनुभवी उद्यमियों से इन संभावनाओं से जुड़कर युवाओं और छोटे उद्यमियों को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिला शक्ति और युवाओं के लिए विशेष सत्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा समेत हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता अपनाते हुए रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समानता, सहयोग, करुणा और सहभागिता के संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज ने इन आदर्शों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। कोरोना महामारी के दौरान भी समाज ने जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाने, ऑक्सीजन की व्यवस्था करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देकर सेवा भावना का परिचय दिया।

ट्रेड फेयर का उद्घाटन, पत्रिका का विमोचन

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ से सम्मानित किया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अग्र महाकुंभ सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठन शक्ति और भविष्य की दिशा पर विचार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के समानता, सहयोग और सहभागिता के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल समेत देशभर से पहुंचे अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS