Explore

Search

September 13, 2026 11:06 pm

जयरामनगर रेलवे फाटक के पास 13 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा के बलांगीर से सस्ते दाम में लाते थे गांजा, सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी

एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 6.50 लाख रुपये का गांजा जब्त

CBN36 बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे दबिश देकर 13 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजा रखने वाले पिट्ठू बैग, झोले और घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन पुरुष और एक महिला गांजा लेकर खड़े हैं। वे गांजा बेचने के लिए ग्राम मटियारी, थाना सीपत जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू बिलासपुर और मस्तूरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।

बलांगीर से खरीदकर सीपत में खपाने की थी तैयारी

तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दाम में खरीदकर लाए थे। इसे ग्राम मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने की तैयारी थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिसोदिया (21), पूर्वा मालिया (20), कृष्णा पाण्डेय (23), तीनों निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर तथा नीरज नायक (19), निवासी उमरिया, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मस्तूरी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। इसमें एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका, उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह तथा आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेन्द्र तोमर की सराहनीय भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS