Explore

Search

September 13, 2026 10:24 pm

10 साल की सजा दिलाने वाली पुलिस टीम को एसएसपी विजय अग्रवाल ने किया सम्मानित

प्रभावी विवेचना और न्यायालयीन समन्वय का दिखा असर, कोर्ट मुहर्रिर को भी मिला प्रशस्ति पत्र

CBN36 दुर्ग। आपराधिक प्रकरणों में प्रभावी विवेचना के साथ न्यायालयीन प्रक्रिया में बेहतर समन्वय कर दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने सम्मानित किया। चौकी जेवरा सिरसा के अपराध क्रमांक 247/2025 में अभियुक्तों को न्यायालय से 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा मिलने के बाद एसएसपी ने विवेचना टीम के कार्य की सराहना की। न्यायालयीन प्रक्रिया में तत्परता और समन्वय के लिए कोर्ट मुहर्रिर आरक्षक क्रमांक 307 खेमू राम साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव के इस प्रकरण में पुलिस ने धारा 296, 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना पूरी कर अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया था। प्रारंभिक विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी तत्कालीन चौकी प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत ने की। इसके बाद तत्कालीन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेंद्र पठारे ने अग्रिम विवेचना पूरी करते हुए न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।

न्यायालय ने सुनाई दो धाराओं में सजा

प्रकरण में 5 सितंबर 2026 को न्यायालय ने फैसला सुनाया। अभियुक्तों को धारा 109 सहपठित धारा 3(5) बीएनएस के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास और 1000 रुपये अर्थदंड तथा धारा 296 बीएनएस के तहत एक माह साधारण कारावास और 500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

समंस-वारंट की तामीली में दिखाई तत्परता

न्यायालय में पदस्थ कोर्ट मुहर्रिर आरक्षक क्रमांक 307 खेमू राम साहू ने प्रकरण से संबंधित समंस और वारंट की तामीली एवं वापसी के साथ ही थाना और विवेचक तक आवश्यक जानकारी समय पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियोजन और न्यायालयीन कार्यवाही के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने में उनके कार्य की सराहना की गई। इसी के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल 1481 पुनेश साहू, कांस्टेबल 969 वसीम खान, कांस्टेबल 1256 महिपाल यादव, कांस्टेबल 1349 नरोत्तम साहू, कांस्टेबल 1612 श्याम सिंह और कांस्टेबल 235 रामेश्वर कोमा का भी सहयोग रहा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण में मजबूत विवेचना, साक्ष्यों का संकलन और न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान समयबद्ध समन्वय के कारण अभियुक्तों को सजा दिलाने में सफलता मिली। एसएसपी द्वारा पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने से विवेचना एवं न्यायालयीन कार्य में जुटे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS