Explore

Search

September 13, 2026 10:24 pm

बेमेतरा में 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 42 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, गौरव पथ व विद्युत सब-स्टेशन की घोषणा

CBN36 बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि शिक्षा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है और शिक्षक समाज व राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर हर बच्चे तक पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्य पुस्तकों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। एक शिक्षक का योगदान पीढ़ियों तक समाज को प्रभावित करता है, इसलिए उन्हें राष्ट्र निर्माता कहा जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर कर व्यक्ति में आत्मविश्वास, जागरूकता और निर्णय क्षमता का विकास करती है।

श्री साय ने कहा कि बदलते समय और नई तकनीकों के दौर में बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है। राज्य सरकार का प्रयास है कि गांव और शहर के बीच शिक्षा के अवसरों की खाई समाप्त हो तथा कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी राष्ट्रीय संस्थाएं युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

बेमेतरा को मिली विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।

जल संरक्षण के प्रयासों का सम्मान

कार्यक्रम में “मोर गांव मोर पानी” महाअभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों का भी सम्मान किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में लाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों से जुड़ा विषय है और इसकी सफलता जनभागीदारी से ही संभव है। समारोह में “शिक्षक स्मृति” पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

सुशासन और जनकल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र का निर्माता बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी आवश्यक हैं और शिक्षक बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, विभिन्न आयोगों एवं मंडलों के पदाधिकारी, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS