Explore

Search

September 13, 2026 10:37 pm

रेलवे तीरंदाजी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का जलवा, दो स्वर्ण समेत पांच पदक पर कब्जा

13 जोन में तीसरे स्थान पर रहा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, महिला रिकर्व टीम और मिक्स्ड टीम ने जीता स्वर्ण

CBN36 बिलासपुर। चित्तरंजन, पश्चिम बंगाल में आयोजित 16वीं अखिल भारतीय रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026-27 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और तीन कांस्य समेत कुल पांच पदक अपने नाम किए। 7 से 9 सितंबर तक हुई प्रतियोगिता में इस प्रदर्शन के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 13 रेलवे जोन की पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें छह रिकर्व वर्ग के खिलाड़ी तीन पुरुष और तीन महिला जबकि चार कंपाउंड वर्ग के तीरंदाज शामिल रहे।

महिला रिकर्व टीम ने दिलाया पहला स्वर्ण

महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में माधवी चौहान, मधु वेदवान और वितासा ठाकुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने 5-3 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके बाद मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का दबदबा रहा। माधवी चौहान और पवन की जोड़ी ने फाइनल में 5-3 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

तीन स्पर्धाओं में कांस्य पदक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने तीन कांस्य पदक भी जीते। महिला व्यक्तिगत रिकर्व 70 मीटर ओवरऑल स्पर्धा में माधवी चौहान ने 640 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता। महिला व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में वितासा ठाकुर ने 6-4 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में पवन, जसकीरत सेखों और शिवनाथ नागेशिया की टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-0 से जीत दर्ज की।

खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा

अखिल भारतीय रेलवे स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीतना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से रेलवे के खेल प्रतिभाओं के लगातार बेहतर प्रदर्शन की तस्वीर सामने आई है।

इस उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ (सेक्रसा) के पदाधिकारीगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS