Explore

Search

September 11, 2026 8:43 pm

एसएसपी भोजराम पटेल की पहल से 367 गांवों में एक साथ गूंजी साइबर जागरूकता की आवाज

मुंगेली में वृहद साइबर जागरूकता अभियान, 8489 ग्रामीणों ने ली ‘साइबर जागृति शपथ’

CBN36 मुंगेली। साइबर अपराध से ग्रामीणों को बचाने के लिए मुंगेली पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में एक साथ बड़ा जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस भोजराम पटेल के निर्देश पर में पथरिया, मुंगेली और लोरमी विकासखंड की 367 ग्राम पंचायतों में एक साथ साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में 8489 ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने हिस्सा लेकर साइबर अपराध से बचाव का संकल्प लिया।

एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तौर-तरीकों से अवगत कराना और उन्हें साइबर अपराध के प्रति सतर्क करना है। अभियान में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल राम रावटे का समन्वय भी रहा।

तीनों विकासखंडों में एक साथ कार्यक्रम

अभियान के तहत जनपद पंचायत पथरिया की 96 ग्राम पंचायतों में 1838, मुंगेली विकासखंड की 124 ग्राम पंचायतों में 4057 और लोरमी विकासखंड की 127 ग्राम पंचायतों में 2595 लोगों ने सहभागिता की। इस तरह जिले की सभी 367 ग्राम पंचायतों में कुल 8489 लोगों ने ‘साइबर जागृति शपथ’ ली।

एसएसपी ने दिलाई साइबर जागृति की शपथ

एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में आयोजित कार्यक्रमों में आमजन को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए और उन्हें ‘जागरूक गांव, सुरक्षित समाज’ का संदेश दिया। ग्रामीणों को समझाया गया कि बैंक खाते, एटीएम कार्ड, आधार और यूपीआई से संबंधित ओटीपी व गुप्त पिन किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल पर आने वाले फर्जी संदेश, लॉटरी ऑफर और अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में अज्ञात ऐप या APK फाइल डाउनलोड नहीं करने, अनजान वीडियो कॉल से सावधान रहने और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई।

‘गोल्डन ऑवर’ में कार्रवाई जरूरी : एसएसपी पटेल

एसएसपी भोजराम पटेल ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में शुरुआती समय को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को आवश्यक प्रयास करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने ‘जागरूक गांव, सुरक्षित समाज’ और ‘साइबर अपराध से आजादी’ के नारे लगाए। भारत माता के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS