CBN36 वर्धा, 9 सितंबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में खेल और हिंदी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अंतर विद्यापीठ खेल प्रतियोगिता-2026 का उद्घाटन दूर शिक्षा निदेशालय भवन स्थित बैडमिंटन प्रांगण में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने किया। उद्घाटन के बाद बैडमिंटन मैच हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में बैडमिंटन, कुश्ती, मल्लखंभ, टेबल टेनिस, योग, शतरंज, रस्साकसी, बास्केटबॉल, कबड्डी, वॉलीबाल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता 26 अक्टूबर तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस अवसर पर कुलसचिव क़ादर नवाज़ ख़ान, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र गादेवार, कुलानुशासक डॉ. राकेश मिश्र, क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष प्रो. फरहद मलिक, पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय, डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. वीरेंद्र यादव, डॉ. प्रियंका मिश्रा, राजेश यादव, इंजीनियर रवीन्द्र गुरु सहित शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिंदी एवं पोषण माह में निबंध और टंकण प्रतियोगिता

विश्वविद्यालय में हिंदी एवं पोषण माह के तहत बुधवार को कर्मचारियों के लिए हिंदी टंकण प्रतियोगिता का आयोजन पाणिनी भवन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार तथा विश्वविद्यालय के राजभाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर लीला विभाग के प्रभारी डॉ. अंजनी कुमार राय और लेक्सकॉन एसोसिएट डॉ. गिरीश चंद्र पांडेय का हिंदी अधिकारी राजेश कुमार यादव एवं जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे ने स्वागत किया।

इसी क्रम में साहित्य विद्यापीठ के तुलसी भवन में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए ‘विज्ञान, तकनीक और विधि की भाषा के रूप में हिंदी’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय में 11 सितंबर को भी विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। पूर्वाह्न 11 बजे अटल बिहारी वाजपेयी भवन में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए ‘पोषण आहार’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता तथा शाम चार बजे तुलसी भवन में विद्यार्थियों के लिए इसी विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रधान संपादक




