Explore

Search

September 9, 2026 12:30 pm

ताइक्वांडो के रण में उतरेंगे 18 जिलों के 570 खिलाड़ी

“बिलासपुर में सजेगा ताइक्वांडो का महाकुंभ, 18 जिलों से पहुंचेंगे 570 खिलाड़ी,21वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 18 से 20 सितंबर तक बहतराई में”

CBN 36 | बिलासपुर। बिलासपुर एक बार फिर प्रदेशभर के ताइक्वांडो खिलाड़ियों की मेजबानी करने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं दूसरी राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान के इंडोर स्टेडियम में होगा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से करीब 570 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं टीम अधिकारी शामिल होंगे।

क्यूरुगी में मुकाबला, पुम्से में तकनीकी प्रदर्शन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में क्यूरुगी (फाइट) और पुम्से (तकनीकी प्रदर्शन) में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के कौशल, अनुशासन, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता की परीक्षा होगी।

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी 2 से 4 अक्टूबर तक इंदौर, मध्य प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। राज्य स्तरीय मंच पर प्रदर्शन के जरिए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने का माध्यम बनेगी। क्यूरुगी के साथ पुम्से को शामिल किए जाने से खिलाड़ियों को ताइक्वांडो की दोनों प्रमुख विधाओं में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा।

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां

आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 जिलों से करीब 570 खिलाड़ी एवं अधिकारी पहुंचेंगे। खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक, निर्णायक एवं टीम मैनेजर भी मौजूद रहेंगे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, मैदान, तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संघ की ओर से प्रतियोगिता को पारदर्शी और उच्च स्तरीय तरीके से संपन्न कराने के लिए तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS