15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई
CBN36 रायगढ़, 8 सितंबर 2026। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान अवैध स्क्रैप परिवहन करते एक माजदा वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन से करीब 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप जब्त किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये, जबकि परिवहन में प्रयुक्त माजदा वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बाईपास रोड स्थित घरघोड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टाटा 1109 माजदा क्रमांक CG-04-QK-3542 को पुलिस ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाले में बड़ी मात्रा में लोहा-टीन का स्क्रैप लदा मिला। चालक पुरुषोत्तम एक्का (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, इंदिरानगर, रायगढ़ से वाहन और स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत करने में टालमटोल करता रहा। वाहन को थाना लाकर दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने संदेही चालक से पूछताछ करने के साथ ही मुखबिर तंत्र से जानकारी जुटाई। जांच में स्क्रैप को अवैध रूप से परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने वाहन में लोड करीब 4.5 टन स्क्रैप और माजदा वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में आरोपी पुरुषोत्तम एक्का के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में धारा 35(क-ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेजराज पटेल एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रधान संपादक




