
महामाया चौक पर देर रात कार सवार युवक को रोककर लूटे थे 1200 रुपये, वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त
CBN36 बिलासपुर। रतनपुर के महामाया चौक में डंडा दिखाकर लूट की वारदात करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। आरोपियों में दो बालिग और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 1000 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर से इलाज कराने के बाद कार से घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचते ही ऑटो सवार युवकों ने उनकी कार रोक ली। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। रुपये नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पेंट की जेब से 1200 रुपये लूटकर फरार हो गए।
शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान ऑटो सवार युवकों के इमलीभाठा, सरकंडा क्षेत्र के होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और राहुल दुबे (25), पवन कुमार गौहर (19) समेत तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1000 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रधान संपादक




