Explore

Search

August 16, 2026 12:28 am

राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित, सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए मिला प्रतिष्ठित पदक

CBN36 रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि से रायगढ़ पुलिस में हर्ष और गर्व का माहौल है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इनमें एसएसपी शशि मोहन सिंह का नाम भी शामिल रहा। उन्हें यह सम्मान पुलिस सेवा में दीर्घकालीन समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

1997 में शुरू किया पुलिस सेवा का सफर

शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयन के बाद पुलिस सेवा की शुरुआत की। उन्होंने मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ नक्सल प्रभावित और चुनौतीपूर्ण इलाकों में भी जिम्मेदारियां निभाईं। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों ने उन्हें अनुभवी और सशक्त पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।

अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी पहचान

पुलिस सेवा के अलावा आईपीएस शशि मोहन सिंह का रचनात्मक पक्ष भी खास रहा है। वे अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी सक्रिय रहे हैं। अपनी रचनात्मक अभिरुचियों के माध्यम से उन्होंने पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद, संवेदनशील पुलिसिंग तथा सकारात्मक सामाजिक संदेशों को बढ़ावा देने का प्रयास किया है।

रायगढ़ पुलिस परिवार में खुशी

स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर मुख्यमंत्री के हाथों एसएसपी शशि मोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलना रायगढ़ पुलिस के लिए गौरव का अवसर है। यह सम्मान उनके लंबे सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान माना जा रहा है।सम्मान मिलने पर जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS