Explore

Search

August 16, 2026 12:03 am

शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो तलवार-रॉड लेकर पहुंचा युवक, कार में की तोड़फोड़

CBN36 बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। लोहे की रॉड और तलवार लेकर दुकान पहुंचा युवक पैसे मांगते हुए धमकाने लगा। मना करने पर दुकान के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी अनुराग कश्यप को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कश्यप कॉलोनी निवासी राहुल गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने भाई के साथ कश्यप कॉलोनी स्थित बरसैया ट्रेडर्स में मौजूद थे। इसी दौरान अनुराग कश्यप शराब के नशे में लोहे की रॉड लेकर दुकान में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर उसने मारपीट की धमकी दी।

कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से तलवार और लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान पहुंच गया। उसने फिर पैसे मांगे। रुपये नहीं देने पर दुकान के बाहर खड़ी कार क्रमांक CG 10 BS 8468 में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान आरोपी ब्लेड से खुद को भी चोट पहुंचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।

शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS