मुख्य अतिथि मुरारी अग्रवाल के प्रेरक संदेश से विद्यार्थियों में बढ़ा उत्साह
CBN36 रायगढ़। जिले के पूर्वांचल के अंतिम छोर पर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जामगांव में स्वतंत्रता दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम संस्था के प्राचार्य रमेश शर्मा की अध्यक्षता और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी। प्राचार्य रमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता का सही अर्थ अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना, माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करना और जीवन में निर्धारित लक्ष्य को पाने के लिए पूरी ऊर्जा से प्रयास करना है।
मुख्य अतिथि मुरारी लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और बड़ों के सम्मान जैसे गुणों को जीवन में अपनाकर ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कोलाईबहाल ग्राम पंचायत के पंच रतन लाल कन्हेर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
टॉपर्स विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वर्ष 2026 में कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि मुरारी लाल अग्रवाल के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता पीआर खूंटे और जीआर निषाद ने किया। पुरस्कारों की व्यवस्था एवं वितरण की जिम्मेदारी व्याख्याता गोपाल देवांगन और सहयोगी स्टाफ ने संभाली। वहीं मिष्ठान्न वितरण की व्यवस्था मनीषा दुबे, अंजलि आजमानी, मीना देवांगन, एनके शबर, जागृति प्रधान, मंदाकिनी गुप्ता, तपस्वनी मल्लिक, रजनी महिलांगे, लता पटेल, सुरेश पटेल, दिनेश सिदार, श्रीकांत मिश्रा, अजय सिदार, योगेश सिरसो, रोहित सिदार, मोतीलाल सिदार और शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य सहयोगियों की देखरेख में हुई।
समारोह में कोलाईबहाल-जामगांव क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और नागरिकों के प्रति आभार जताया।
प्रधान संपादक




