Explore

Search

August 15, 2026 9:50 pm

बलौदाबाजार-भाटापारा में ‘साइबर जागृति अभियान’ का दिखा असर

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की पहल की सराहना, लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील

कलेक्टर, एसपी और डीएफओ ने सेल्फी लेकर किया अभियान का नेतृत्व

QR कोड स्कैन कर लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर की साइबर अवेयरनेस सेल्फी

CBN36 बलौदाबाजार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस के राज्यव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ का व्यापक असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय स्थित पंडित चक्रपाणि शुक्ल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों, पत्रकारों और स्कूली बच्चों ने अभियान से जुड़कर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।

अभियान के तहत लगाए गए ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ सेल्फी स्टैंड और साइबर अवेयरनेस बूथ लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों ने QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता से जुड़ा फ्रेम तैयार किया और अपनी सेल्फी को फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की सराहना

समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ पुलिस की ‘साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ पहल में भाग लेकर अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

अधिकारियों ने सेल्फी लेकर दिया संदेश

अभियान को गति देने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और वनमंडलाधिकारी (DFO) ने स्वयं सेल्फी स्टैंड पर सेल्फी लेकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अधिकारियों की इस पहल के बाद कार्यक्रम स्थल पर लोगों में सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

QR कोड स्कैन कर सोशल मीडिया पर पोस्ट की सेल्फी

कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और पत्रकारों ने साइबर जागरूकता पोस्टर पर दिए गए QR कोड को मोबाइल से स्कैन किया। इसके बाद जनरेट हुए अवेयरनेस फ्रेम के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों ने इस डिजिटल अभियान में भागीदारी की।

बच्चों ने भी संभाली जागरूकता की कमान

अभियान में स्कूली बच्चों की सहभागिता भी खास रही। बच्चों ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के पोस्टर लेकर लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी।

2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी, फेक कॉल, ऑनलाइन ठगी समेत अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा अभियान के तहत जिलेभर में लगातार विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS