Explore

Search

August 15, 2026 4:33 pm

तिरंगे को सलामी, शहीदों को नमन; बिलासपुर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण, 13 प्लाटूनों ने दिखाया अनुशासन और शौर्य

नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत

CBN36 बिलासपुर। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में पूर्ण वेशभूषा में सजे 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

तिरंगा शपथ के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प

समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। लोगों ने राष्ट्रप्रेम, देश के प्रति कर्तव्यबोध और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान

नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने सम्मानित किया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान समारोह स्थल का माहौल भावुक और गौरवपूर्ण हो गया। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।

50 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

शासकीय कार्यों और दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।

महिला प्लाटूनों का शानदार प्रदर्शन

परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला ने प्रथम और नगर सेना महिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज तृतीय रहे।

देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम, एलसीआईटी बोदरी ने द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना और मुकुल शर्मा ने किया। सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् की मनभावन प्रस्तुति दी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS