Explore

Search

August 14, 2026 2:43 pm

क्रेशर मिल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो चोर सहित महिला कबाड़ी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, 50 हजार रुपये का चोरी का सामान और बाइक बरामद

CBN36 बिलासपुर। कोटा पुलिस ने बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर मिल में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी करने वाले दो आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाली महिला कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है। बरामद सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर से अज्ञात चोर रात के समय रोलर, जाली, सॉफ्ट, टाइगर प्लेट सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर रंजीत शिकारी (25) और अमृत शिकारी (40), दोनों निवासी बाकीघाट, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने क्रेशर मिल से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान मौहारखार निवासी मालती मानिकपुरी को बेचने की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मालती मानिकपुरी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस तरह कोटा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर क्रेशर मिल चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS