Explore

Search

August 14, 2026 2:50 pm

सामाजिक विकास के लिए संस्थानों को मिलकर काम करना जरूरी: प्रो. कुमुद शर्मा

सेवा संकल्प कार्यक्रम-2026 में सरकारी-गैर सरकारी संस्थाओं की सहभागिता

CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के वर्धा समाज कार्य संस्थान एवं सामाजिक नीति अनुसंधान प्रकोष्ठ की ओर से सेवा संकल्प कार्यक्रम-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक संस्थाओं और समाजकार्य के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि सामाजिक विकास और जनकल्याण के लिए नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी सामाजिक संस्थाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कुलपति ने युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए कहा कि अवसाद शब्द सुनने में भले ही छोटा लगता है, लेकिन इससे जुड़ी समस्या बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि समाज का विकास केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विद्यार्थियों को जमीनी हकीकत से जोड़ता है क्षेत्रकार्य

वर्धा समाज कार्य संस्थान के निदेशक प्रो. बालराजु ने कहा कि क्षेत्रकार्य समाज कार्य पाठ्यक्रम का महज एक हिस्सा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज की जमीनी वास्तविकताओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज कार्य के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग और सहभागिता की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाज कार्य शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा उत्तीर्ण कराना या सामाजिक संस्थाओं में रोजगार के लिए तैयार करना नहीं है। विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर सेवा के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी इसका उद्देश्य है।

भूमिहीन किसानों पर शोध प्रतिवेदन का विमोचन

कार्यक्रम में प्रो. के. बालराजू द्वारा लिखित ‘महाराष्ट्र राज्य में भूमिहीन किसानों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति’ विषयक ‘प्रो-बोनो’ शोध प्रतिवेदन का विमोचन किया गया।

25 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने दी जानकारी

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपना परिचय दिया और अपने संस्थानों के कार्यों एवं कार्यक्षेत्र की जानकारी साझा की। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने सभी प्रतिनिधियों को विश्वविद्यालय का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। संचालन वर्धा समाज कार्य संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉ. शिवसिंह बघेल ने किया। डॉ. शिवाजी जोगदंड ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान अतिथि अध्यापक डॉ. गजानन निलामे, डॉ. ज्योति कुमारी और डॉ. अंकित कुमार पाण्डेय सहित समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक के विद्यार्थी मौजूद रहे। वर्धा जिले में कार्यरत 25 सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS