देवघर से हथियार लाकर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की सूचनाओं के बाद बढ़ाई गई निगरानी
CBN36 बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बिलासपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना तोरवा, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में विशेष तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुछ खतरनाक और घातक धारदार हथियार मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसके हैं और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
देवघर से हथियार लाने की मिल रही थी सूचना
पुलिस को पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि बाबा धाम, देवघर से धारदार चाकू और अन्य हथियार लाकर शहर में आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों तथा उनके सामान की गहन जांच शुरू की।
स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक निगरानी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ट्रेनों और शहर के अन्य महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रधान संपादक



