Explore

Search

August 10, 2026 8:04 pm

क्राइम मीटिंग में एसएसपी के सख्त निर्देश, 60/90 दिन में जांच पूरी कर दाखिल करें चालान

ई-साक्ष्य, ई-एफएसएल और CCTNS पर विशेष जोर, साइबर अपराध और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश

CBN36 दुर्ग। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को दुर्ग पुलिस की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों और विवेचना की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 60/90 दिन की वैधानिक समय-सीमा के भीतर विवेचना पूरी कर चालान पेश किया जाए।

FIR से F-5 तक डेटा एंट्री में न हो गलती

बैठक में CCTNS पर FIR से F-5 तक की सभी आवश्यक डेटा एंट्री समय पर और त्रुटिरहित करने के निर्देश दिए गए। केस रिकॉर्ड और डिजिटल रिकॉर्ड में एकरूपता बनाए रखने तथा विवेचना के अनुसार डिजिटल रिकॉर्ड को लगातार अपडेट करने पर जोर दिया गया।

ई-साक्ष्य और ई-एफएसएल से मजबूत होगी विवेचना

नवीन आपराधिक कानूनों के तहत वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित विवेचना पर विशेष जोर दिया गया। मोबाइल, CCTV फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज और अन्य डिजिटल उपकरणों से मिले साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित कर प्रकरण से लिंक करने के निर्देश दिए गए। FSL से संबंधित साक्ष्य समय पर भेजने और ई-FSL की प्रक्रिया में दस्तावेजों का सही संधारण करने को कहा गया।

2024-25 से लंबित मामलों का जल्द करें निराकरण

एसएसपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2024 और 2025 से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। बैंक संबंधी कार्यवाही, MLC/PMR, FSL रिपोर्ट समेत अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।

साइबर अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचे पुलिस

साइबर अपराध की विवेचना में बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि कार्रवाई केवल आरोपी तक सीमित न रहे, बल्कि उसके पूरे नेटवर्क और अपराध के तरीके का पता लगाकर कार्रवाई की जाए।

नशे के कारोबार की सप्लाई चेन पर करें प्रहार

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और वितरण के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि नशे के मामले में सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित न रहे। सप्लाई चैन, नेटवर्क और पूरे कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाकर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

फरार आरोपियों और लंबित वारंटों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामीली और गुंडा-बदमाशों व आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों की मॉडस ऑपरेंडी का विश्लेषण कर तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।

नाबालिगों के मामलों में संवेदनशीलता बरतने की हिदायत

नाबालिगों से जुड़े मामलों में बाल हित और कानूनी प्रावधानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिवार, अभिभावक, स्कूल और संबंधित विभागों के समन्वय से काउंसलिंग एवं सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर दिया गया।

त्योहारों को लेकर अभी से पुलिस व्यवस्था दुरुस्त करें

आगामी त्योहारी आयोजनों को देखते हुए थाना स्तर पर पहले से पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाजारों में दुकानों को निर्धारित सफेद पट्टी के पीछे लगवाने और मुख्य मार्गों को अवरुद्ध किए बिना गणेश पंडाल व अन्य सार्वजनिक आयोजन निर्धारित स्थानों पर कराने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

सड़कों पर बैठे मवेशियों से होने वाले हादसे रोकने पर जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। यातायात प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

घटना के बाद नहीं, पहले से अपराध रोकने पर फोकस

एसएसपी विजय अग्रवाल ने थाना प्रभारियों को अपराध की प्रवृत्ति का नियमित विश्लेषण करने और लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए। अपराध की पुनरावृत्ति रोकने, अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, डीएसपी लाइन, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी महिला सेल समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS