
हिंदी विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी का कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने किया उद्घाटन, 6 अगस्त तक रहेगा आयोजन
CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 के तहत मंगलवार को भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती संग्रहालय में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने किया। यह प्रदर्शनी 6 अगस्त तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
उद्घाटन अवसर पर कुलसचिव कादर नवाज खान, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र गादेवार, वित्त अधिकारी पी. सरदार सिंह, कुलानुशासक डॉ. राकेश मिश्र, जनसंचार विभाग के प्रो. कृपाशंकर चौबे, विधि विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. जनार्दन कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। संग्रहालय प्रभारी डॉ. अमित विश्वास ने प्रदर्शनी में रखी गई पांडुलिपियों और दुर्लभ पत्रिकाओं की ऐतिहासिक एवं साहित्यिक महत्ता से उपस्थितजनों को अवगत कराया।
प्रदर्शनी में 19वीं सदी से लेकर वर्तमान तक की ऐतिहासिक महत्व की दुर्लभ पत्रिकाएं और पांडुलिपियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें तुलसीदास रचित हनुमान बाहुक, विजय दोहावली, विनयपत्रिका सटीक, षोडश रामायण, कुंडलिया रामायण सहित हजारों महत्वपूर्ण पांडुलिपियां शामिल हैं। इन धरोहरों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और हिंदी साहित्य की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर भारतीय ज्ञान परंपरा और हिंदी साहित्य की अमूल्य विरासत से परिचित होने की अपील की है।
प्रधान संपादक



