Explore

Search

August 5, 2026 9:06 pm

रिद्धपुर केंद्र में महानुभाव साहित्य प्रदर्शनी और डिजिटल पुस्तकालय का शुभारंभ

कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा बोलीं- भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ें विद्यार्थी

CBN36 रिद्धपुर (अमरावती)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के सर्वज्ञ श्री चक्रधर स्वामी मराठी भाषा तथा तत्वज्ञान अध्ययन केंद्र, रिद्धपुर में बुधवार को महानुभाव साहित्य की प्रदर्शनी और पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए तैयार किए गए डिजिटल पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के तहत किया गया।

मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि वे वर्तमान से जुड़ते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

प्रो. शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय के रिद्धपुर केंद्र में संचालित पायलट परियोजना के माध्यम से सर्वज्ञ चक्रधर स्वामी की ज्ञान-संपदा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को शिक्षा क्षेत्र में परिवर्तनकारी और ऐतिहासिक पहल बताया।

प्रदर्शनी में 12वीं शताब्दी की 36 हस्तलिखित पांडुलिपियों, दुर्लभ ग्रंथों, ऐतिहासिक वस्तुओं तथा रिद्धपुर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के चित्र प्रदर्शित किए गए। इनमें राजमठ, सासु-सुन विहिर, लीलाचरित्र ग्रंथ निर्माण स्थल (वाजेश्वरी), भैरव बुर्ज, मातंग विहीर सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का दस्तावेजी प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्राचीन साहित्य और ज्ञान परंपरा की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और हिंदी भाषा के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘अंतरराष्ट्रीय प्रेमचंद सम्मान-2026’ से सम्मानित कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा का रिद्धपुर केंद्र की ओर से अभिनंदन भी किया गया। साथ ही मराठी भाषा गौरव दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी पर आधारित शोध जर्नल का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में रिद्धपुर केंद्र की प्रभारी डॉ. नीता मेश्राम, पायलट परियोजना के समन्वयक डॉ. राजेश लेहकपुरे सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमित वेलकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कुनाल हरणे ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS