मुख्यमंत्री निवास में रजत पदक विजेता का भव्य स्वागत, बोले- पूरे छत्तीसगढ़ की शान हैं ज्ञानेश्वरी
CBN36 रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने 53 किलोग्राम वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर देश को रजत पदक दिलाया और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। निरंतर अभ्यास और समर्पण के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी इस बेटी पर गर्व है। इसी सम्मान के तहत उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया गया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी गई थी। अब मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति की प्राथमिकता है।
प्रधान संपादक



