Explore

Search

September 19, 2026 10:14 pm

कार का शीशा तोड़ 4.90 लाख उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब, 5 आरोपी गिरफ्तार

CBN36 दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये की चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 1.57 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। शेष रकम की बरामदगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी कार में 4.90 लाख रुपये नकद लेकर पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम पहुंचे थे। कार खड़ी कर वे अन्य कार्य से चले गए। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार का शीशा पत्थर से तोड़कर नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव थाना की संयुक्त टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है, ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। उसने पहले से ही पीड़ित की गतिविधियों की रेकी कर रखी थी और यह जानकारी जुटाई थी कि वह अक्सर बड़ी रकम लेकर शोरूम आता है।

पूछताछ में पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 1.57 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में भुवनेश्वर डहरिया (23), संजय साहू (22), जितेंद्र कुमार साहू (28), सपना राजपूत (20) और संतोष जोशी (48) शामिल हैं।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बड़ी नकदी लेकर चलते समय विशेष सतर्कता बरतें और वाहन में नगदी या अन्य कीमती सामान छोड़कर न जाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS