7 करोड़ से होगा जुनेजा इंडोर स्टेडियम का कायाकल्प, मुख्यमंत्री ने की घोषणा
CBN36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘दिव्यांग’ शब्द देकर केवल संबोधन नहीं बदला, बल्कि समाज की सोच और दृष्टिकोण में भी सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
मुख्यमंत्री सोमवार को राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक समेत विभिन्न आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन का माध्यम हैं।
उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में विशेष स्क्रीनिंग अभियान के दौरान 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। इस पहल के लिए भारत सरकार से 3.58 करोड़ रुपये की राशि मिली है। प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत पहले 500 से 600 हितग्राहियों को उपकरण दिए जा चुके हैं, जबकि सोमवार को 1000 से अधिक लोगों को लाभ मिला। इस तरह कुल 1739 दिव्यांगजन इस परियोजना से लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सहायक उपकरण वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा और रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास तथा पुनर्वास जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित अधिकांश संकल्पों को धरातल पर उतारा है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक करीब 70 लाख महिलाओं के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने ‘सेवा सेतु’ एप और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने रायपुर जिला प्रशासन के विभिन्न नवाचारों की सराहना करते हुए प्रोजेक्ट सरल और गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा ‘नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रोजेक्ट ‘सहारा’ दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह अभियान सामाजिक समावेशन और सम्मानजनक जीवन की दिशा में बड़ा कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन व उनके परिजन मौजूद रहे।
प्रधान संपादक



