
“एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा”
CBN36 मुंगेली। नशे के खिलाफ छेड़े गए ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पथरिया क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने 10.5 किलो गांजा की तस्करी कर रहे पांच तस्करों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3.67 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर सेल और पथरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रोहरा कला मेन रोड पर घेराबंदी की।
जांच के दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार राहुल वर्मा, अजय श्रीवास उर्फ टेकल, दिनेश बंसल उर्फ पाड़े, ओमप्रकाश उर्फ गोलू और समीर खान को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10.5 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रधान संपादक



