CBN36 जांजगीर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 136 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट, नाबालिग वाहन चालक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट बाइक जब्त कर उनके चालकों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने की कार्रवाई भी कराई गई।
अभियान के दौरान तीन नाबालिग वाहन चालकों को भी पकड़ा गया। उनके परिजनों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी गई और प्रत्येक मामले में दो-दो हजार रुपये का चालान किया गया।
वाहन जांच के दौरान दो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। पुलिस ने उनके वाहन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इसके अलावा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहे एक चालक से एक हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।
पुलिस ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती है। यह मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन भी है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक



