
“सेवा ही संकल्प’ के मूलमंत्र के साथ 12 यात्रियों की बचाई जान, 114 नाबालिगों का रेस्क्यू, 80 आरोपियों की गिरफ्तारी”
CBN36 बिलासपुर।रेल यात्रा को सुरक्षित, सुगम और विश्वासपूर्ण बनाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बिलासपुर मंडल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा, महिला एवं बच्चों की सहायता, रेल संपत्ति की सुरक्षा तथा अपराधों की रोकथाम के लिए आरपीएफ के जवान 24 घंटे स्टेशन परिसरों और ट्रेनों में सतर्कता के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्टेशन प्लेटफॉर्म एवं रेलवे परिसर में नियमित गश्त, ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं जरूरत पड़ने पर यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है। इसके साथ ही यात्रियों के खोए अथवा छूटे सामान को सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।
आरपीएफ बिलासपुर मंडल ने वर्ष 2026 में जुलाई माह तक यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित विभिन्न अभियानों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले 12 यात्रियों का समय रहते जीवन बचाया गया। वहीं ऑपरेशन डिग्निटी के अंतर्गत यात्रा के दौरान अचानक अस्वस्थ हुए 7 यात्रियों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

ऑपरेशन अमानत के तहत 334 यात्रियों का 54 लाख रुपये से अधिक मूल्य का छूटा हुआ सामान सुरक्षित बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया। वहीं ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत स्टेशन परिसर से 114 नाबालिगों (63 बालक एवं 51 बालिकाएं) को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाल कल्याण संस्थाओं एवं चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया गया।
इसी तरह ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त 80 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
आरपीएफ द्वारा रेल मदद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित संज्ञान लेते हुए यात्रियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित, सहज और सुखद बन सके। रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर ने कहा है कि वह अपने “सेवा ही संकल्प” के मूलमंत्र को सार्थक करते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।
प्रधान संपादक



