Explore

Search

August 1, 2026 7:08 pm

पत्नी का हाथ पकड़कर मांग रहा था खाना, गुस्साए ग्रामीण ने टंगिया से काट डाला; मानसिक रूप से बीमार युवक की मौत

CBN36 मुंगेली। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र की खुड़िया चौकी अंतर्गत मौहामाचा गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की टंगिया से वार कर हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक को अपनी पत्नी का हाथ पकड़कर भोजन मांगते देख आपा खो दिया और सिर व गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक सतलू बैगा पिछले करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह गांव में इधर-उधर घूमता रहता था और लोगों के घरों में जाकर भोजन मांगकर खा लेता था। कई बार वह ग्रामीणों से शराब भी मांग लेता था।

बताया गया कि 30 जुलाई की सुबह करीब चार बजे सतलू बैगा गांव के झंगलू बैगा (57) के घर पहुंचा। वहां उसने आरोपी की पत्नी चैती बाई का हाथ पकड़कर भोजन मांगना शुरू कर दिया। यह देखकर झंगलू बैगा भड़क गया और घर में रखे धारदार टंगिया से सतलू के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव आरोपी के घर के आंगन में पड़ा मिला।

सूचना मिलने पर खुड़िया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार टंगिया भी पुलिस को सौंप दिया, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में खुड़िया चौकी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS