CBN 36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मियों का त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा ही प्रदेश को सुरक्षित, शांत और विकसित बनाने की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘पत्रिका जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी जिस समर्पण से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद ने बस्तर के विकास को प्रभावित किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से प्रदेश अब नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक बढ़त हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र, विकास और मानवता की रक्षा की लड़ाई थी, जिसमें पुलिस जवानों का योगदान ऐतिहासिक है।
उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा और खेल, दोनों क्षेत्रों में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने नक्सल अभियान में घायल जवानों के जज़्बे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जवानों के मन में दोबारा मोर्चे पर लौटकर सेवा करने का संकल्प दिखाई देता था। यही अदम्य साहस आज प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बना है।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि मीडिया समाज और पुलिस के बीच विश्वास का सेतु है। सकारात्मक पत्रकारिता से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और जनआकांक्षाओं को समझने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से सबसे अधिक राहत उन परिवारों को मिली है, जिनके सदस्य वर्षों तक बस्तर में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सेवा देते रहे।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल, वूमेन हेल्पलाइन, अनुसंधान एवं अन्वेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, विशेष सचिव रजत बंसल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



