Explore

Search

July 26, 2026 1:10 pm

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से बदली नीलिमा की जिंदगी,सिलाई प्रशिक्षण ने दिया आत्मनिर्भरता का नया रास्ता, घर से शुरू किया सफल स्वरोजगार

CBN36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसी योजना का लाभ लेकर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम मोहला की निवासी श्रीमती नीलिमा देवांगन ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, मोहला में नीलिमा ने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत टेलरिंग ट्रेड का प्रशिक्षण लिया। उन्हें सिलाई-कढ़ाई की आधुनिक तकनीकों, मशीन संचालन, परिधानों की कटिंग एवं सिलाई सहित व्यवसाय से जुड़ी व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी दी गई। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके कौशल को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाया।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नीलिमा ने नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय घर से ही सिलाई का स्वरोजगार शुरू किया। आज वे महिलाओं और बच्चों के विभिन्न प्रकार के कपड़ों की सिलाई कर रही हैं। स्वरोजगार के पहले ही माह से उन्हें लगभग 5 से 6 हजार रुपये प्रतिमाह की नियमित आय होने लगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

नीलिमा देवांगन का कहना है कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ने उन्हें केवल एक हुनर ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दिया है। अब वे भविष्य में अपने स्वरोजगार का विस्तार कर अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ना चाहती हैं।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कौशल विकास विभाग, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, मोहला तथा जिला प्रशासन को देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार बन रही है तथा युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS