Explore

Search

July 25, 2026 9:23 pm

बीएसपी स्क्रैप और कोयला चोरी मामले में 16वीं गिरफ्तारी, लोडर ऑपरेटर गिरफ्तार

CBN 36 भिलाई। दुर्ग पुलिस ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप और कोक/कोयला चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए प्रकरण में 16वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत देवांगन (22 वर्ष), निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स और हथखोज स्थित एक प्लॉट पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट से भरे वाहनों में लौह स्क्रैप तथा अन्य चोरी की सामग्री बरामद हुई। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप के साथ परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी भी जब्त की गई थी।

विवेचना में सामने आया कि आरोपी हेमंत देवांगन पिछले चार-पांच महीनों से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फ्लू डस्ट में लौह स्क्रैप और कोक/कोयला छिपाकर हाईवा वाहनों के माध्यम से बीएसपी परिसर से बाहर भेजने में शामिल था। पूछताछ में उसकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर घटना में प्रयुक्त लोडर (क्रमांक CG 07 CE 0249) भी जब्त कर लिया गया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों और मशीनरी सहित करीब 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश और विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से चोरी, अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा है कि संगठित अपराध में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS