बिलासपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में “JCCJ 2.0” की औपचारिक शुरुआत की। पार्टी ने इसे नए विज़न, नए संगठनात्मक स्वरूप और नई कार्ययोजना के साथ प्रदेश में सक्रिय राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश किया। इस दौरान पार्टी की नेता डॉ. रेणु जोगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
अमित जोगी ने कहा कि पार्टी अब नए संगठनात्मक ढांचे और जनकेंद्रित रणनीति के साथ प्रदेशभर में विस्तार करेगी। उन्होंने बताया कि JCCJ 2.0 को प्रदेशव्यापी “बेटा बचाओ आंदोलन” से जोड़ा गया है। उनके अनुसार, अभियान का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में फंस रहे युवाओं को बचाना और परिवारों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षक, चिकित्सक और पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस अब किसी परिवार या विरासत पर निर्भर नहीं है और नए स्वरूप में जनता के बीच जाएगी। मौजूदा राजनीतिक हालात का उल्लेख करते हुए अमित जोगी ने लोकतांत्रिक सुधारों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग में पंजीकृत 66 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आगामी चुनावों के बहिष्कार का प्रस्ताव भेजा गया है। विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिश सफल नहीं होने पर पार्टी ने प्रदेश में स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ने का निर्णय लिया है।
जग्गी प्रकरण से जुड़े सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि नकटी, हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विस्थापितों के मामलों में वे अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क पैरवी कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
डॉ. रेणु जोगी ने इस अवसर पर स्वर्गीय अजित जोगी के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि विवाह के समय अजित जोगी ने दहेज लेने से स्पष्ट इनकार कर दिया था और जीवनभर सिद्धांतों व सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वहीं अमित जोगी ने बिलासपुर से परिवार के भावनात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके माता-पिता का बचपन इसी शहर में बीता और उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के समीप कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने बिलासपुर को अपने परिवार के लिए तीर्थस्थल जैसा बताया।
पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि JCCJ 2.0 और “बेटा बचाओ आंदोलन” को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रधान संपादक


