Explore

Search

October 16, 2026 6:44 pm

खाना बनाने से इनकार और मायके जाने की जिद पर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

फावड़े से हमला कर हत्या करने का आरोप, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार और कपड़े किए जब्त

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर आरोपियों को कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा”

CBN36 रायगढ़, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृत लाल महंत के रूप में हुई है। उस पर अपनी पत्नी रूप कुंवर महंत (41) पर फावड़े से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। मृतका का बेटा सूरज दास महंत अडानी प्लांट में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा तो उसकी मां घर की परछी में अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में कई जगह खून के छींटे भी दिखाई दे रहे थे। पिता अमृत लाल महंत मौके पर मौजूद थे, लेकिन पूछने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

परिजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (हेमरेजिक शॉक) बताया गया। रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटनास्थल पर मिले खून के निशान, पति पर गहराया शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर के अंदर जमीन, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले। घटनास्थल पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे पर भी मानव रक्त जैसे निशान पाए गए, जिनकी जांच की गई।

प्रारंभिक जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी सामने नहीं आई। इसके बाद पुलिस का संदेह मृतका के पति अमृत लाल महंत पर गहराया।

अस्पताल में चल रहा था इलाज, स्वस्थ होने पर पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी का रक्तचाप काफी बढ़ गया था और तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस टीम अस्पताल में उसकी निगरानी करती रही। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के साथ विवाद होने की बात स्वीकार की। उसके अनुसार, घटना की रात पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।

फावड़ा और आरोपी के कपड़े जब्त

पुलिस ने मामले में वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया फावड़ा, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी अमृत लाल महंत को अपराध क्रमांक 258/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय, आरक्षक राहुल सिदार और थाना पुसौर के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने कही सख्त कार्रवाई की बात

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS