20 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, गांजा तस्करी के फरार आरोपी को भी पकड़ा; बाइक समेत 34 हजार की संपत्ति जब्त

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी ,फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का लगातार प्रयास, नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा”
CBN36 रायगढ़, 15 अक्टूबर। रायगढ़ जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों के तहत अवैध महुआ शराब की बिक्री और गांजा तस्करी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा, वहीं ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने तस्करी और अवैध कारोबार में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
ओवरब्रिज के नीचे शराब बेचने ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी

ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने चुरामणी डनसेना (29), निवासी भदरीपाली, खरसिया को 20 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब चार हजार रुपये कीमत की महुआ शराब और शराब बिक्री में प्रयुक्त होंडा लिवो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 बीए 9181, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 34 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को सूचना मिली थी कि रानीसागर ओवरब्रिज के नीचे रजघटा मोड़ के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर महुआ शराब रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान तीन पारदर्शी प्लास्टिक पन्नियों में भरी करीब 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया।
ओडिशा से गांजा लाकर बेचने का आरोप, फरार तस्कर गिरफ्तार

इधर, ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने तथा पूर्व में गिरफ्तार अपनी बहन रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को गांजा सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 एटी 9329 भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में दबिश देकर रशीदन खान (57) और उसके बेटे शेख नसीब (27) को पकड़ा था। तलाशी के दौरान रशीदन के कब्जे से गांजे की 10 कागज की पुड़िया और शेख नसीब के पास से एक प्लास्टिक पन्नी में गांजा मिला था। कुल बरामदगी करीब एक किलो 28 ग्राम थी। इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 474/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में दोनों ने बताया था कि ग्राम बिजना निवासी जफर खान 15 सितंबर को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर दुकान पहुंचा था और उसे 10 हजार रुपये में बेचकर गया था। इसके बाद गांजे की पुड़िया बनाकर 50 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बिक्री की जा रही थी। मामले में जफर की संलिप्तता सामने आने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
फरार आरोपी की पतासाजी के दौरान पुलिस को उसके अपने गांव में आने की सूचना मिली। इसके बाद उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर की टीम को तमनार रवाना किया गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश देकर जफर खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन को गांजा देने और 15 सितंबर को गांजा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
खरसिया में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में की गई। इसमें प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे, रामनाथ बनर्जी तथा आरक्षक सत्यानारायण सिदार और हेमलाल सिदार की भूमिका रही। वहीं गांजा तस्करी के मामले में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक