
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस एनडीपीएस मामलों में सिर्फ जब्ती नहीं, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से नहीं बचने दिया जाएगा”
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत करीब 300 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले महीने 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा खेप पकड़े जाने के बाद से फरार था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10.17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
एएसपी अनिल सोनी के अनुसार, 5 जून 2026 को ऑपरेशन आघात के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की गई थी। इस कार्रवाई में लगभग 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले में निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेंद्र कुमार मौर्य को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में तीनों ने शुभम यादव को पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना और लैलूंगा थाना पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 जुलाई को जानकारी मिली कि आरोपी किआ कार से रायगढ़ क्षेत्र में है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29), निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से किआ कार, एक मोबाइल फोन, घड़ी, तीन हजार रुपये नकद, वाहन के दस्तावेज, चाबी और तीन एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में दर्ज अपराध क्रमांक 184/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस एनडीपीएस मामलों में केवल मादक पदार्थ जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
प्रधान संपादक


