Explore

Search

July 2, 2026 12:21 am

बिजली सुधार कार्य के दौरान करंट लगने से ठेका श्रमिक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के गढ़्ढापारा में बिजली सुधार कार्य के दौरान करंट लगने से बिजली विभाग के एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के अमाली निवासी नीलकमल भारद्वाज (25) बिजली विभाग में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। बुधवार को गढ़्ढापारा इलाके में बिजली आपूर्ति में फॉल्ट आने की सूचना पर वे विभाग के अन्य कर्मचारियों के साथ मरम्मत कार्य के लिए पहुंचे थे।

बताया गया कि अधिकारियों के निर्देश पर नीलकमल बिजली के खंभे पर चढ़कर फॉल्ट सुधार रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। साथ मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर कोटा पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के समय मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में बिजली सुधार कार्य के दौरान करंट लगने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ठेका श्रमिक को पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए बिना बिजली के खंभे पर चढ़ाया गया था। आरोप है कि कार्य के दौरान ही बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है। वहीं, क्षेत्र में भी घटना को लेकर लोगों ने दुख व्यक्त किया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS