Explore

Search

July 1, 2026 9:25 pm

मंगला में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, मुक्तिधाम व सामुदायिक भवन के लिए अतिरिक्त राशि की घोषणा

बिलासपुर, 1 जुलाई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला स्थित माता चौरा परिसर में बुधवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं भी की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार विकास कार्यों को मिशन मोड में आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों में तेजी आई है और अब केवल भूमिपूजन ही नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से कार्यों का लोकार्पण सुनिश्चित करना भी सरकार की कार्य संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है। सड़क, रेल, पेयजल और शहरी विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मंगला स्थित मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये तथा मंगला के लिए पृथक जल आवर्धन योजना की घोषणा की।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, नाली, सामुदायिक भवन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, प्रणव शर्मा समदरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से मंगला एवं आसपास के क्षेत्रों में नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS