अगले 4-5 दिन झमाझम बारिश के आसार, तापमान में 5 डिग्री की गिरावट; किसानों में बढ़ी उम्मीद
बिलासपुर। आखिरकार मानसून ने बिलासपुर में अपनी मजबूत दस्तक दे दी है।झमाझम बारिश के बाद मंगलवार को दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा और शाम को हल्की बारिश हुई। ठंडी हवाओं ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग का अनुमान है कि एक जुलाई से बिलासपुर संभाग में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी तथा अगले चार से पांच दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होगी।
बारिश और बादलों के असर से शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से घटकर 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई करीब पांच डिग्री की गिरावट से लोगों ने गर्मी से बड़ी राहत महसूस की।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो चुका है। पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित मौसमी द्रोणिका, दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण तथा तीन जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा की परिस्थितियां बन रही हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बिलासपुर सहित पूरे संभाग में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
किसानों की बढ़ी उम्मीद
शहर में बारिश शुरू होने के बावजूद कई ग्रामीण इलाकों में अभी भी अच्छी वर्षा का इंतजार है। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए किसान मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की राह देख रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में वर्षा का दायरा बढ़ेगा, जिससे खेती-किसानी की गतिविधियों को गति मिलेगी।
अगले पांच दिन रहें सतर्क
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने, बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में और गिरावट आने के संकेत हैं।
प्रधान संपादक


