Explore

Search

June 22, 2026 10:30 pm

ऑपरेशन क्लीन,एसएसपी रजनेश सिंह की सड़कों पर सीधी दस्तक, 85 संदिग्ध हिरासत में, 25 गुंडे जेल की सलाखों के

“शहर के डॉन बनने वालों को जिंदगी की सीख और चेतावनी, एसएसपी का सख्त अभियान,संदेश साफ है-शहर में कानून का राज चलेगा, गुंडों का नहीं”

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपराधियों की शामत आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर में गुंडागर्दी और चाकूबाजी के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ‘क्रैकडाउन’ शुरू किया है। इस अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आधी रात को खुद एसएसपी रजनेश सिंह सड़कों पर अपनी टीमों के साथ उतरे और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी।एसएसपी सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि शहर में ‘डॉन’ बनने का सपना देखने वालों को कानून का रास्ता ही अपनाना होगा, अन्यथा जेल और कानूनी कार्रवाई उनका इंतजार कर रही है। उन्होंने चिन्हित बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध, चाकूबाजी, अवैध हथियारों का प्रदर्शन और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अब और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों और चाकूबाजों के घरों एवं ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की। कार्रवाई में 85 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और सत्यापन किया गया। जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 25 व्यक्तियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी का सख्त संदेश: बिलासपुर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं,अपराधियों को एसएसपी की दोटूक चेतावनी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी चिन्हित गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, अवैध हथियारों का प्रदर्शन, भय का माहौल बनाने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे तत्वों के विरुद्ध जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य सख्त कानूनी प्रावधानों का भी उपयोग किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त करना है।

अपराधियों में बढ़ी बेचैनी

एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों और निगरानी बदमाशों में बेचैनी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के अभियान से अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनता है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था मजबूत होती है।

जनता से सहयोग की अपील

एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों, अवैध हथियार रखने वालों अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी उन्होंने कहा कि जिले में गुंडागर्दी, चाकूबाजी और अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS