Explore

Search

June 22, 2026 9:18 pm

कोयले में मिलावट कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, आकाश सिंघल समेत चार आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कोयला अफ़रातफ़री और चोरी करने वालों के लिए बिलासपुर में कोई जगह नहीं, पुलिस जड़ तक पहुंचकर करेगी कार्रवाई ,कानून तोड़ने वालों को जेल भेजना ही पहली हमारी प्राथमिकता है”

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने कोयले में मिलावट कर औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर मस्तूरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला जब्त किया है।

मस्तूरी पुलिस के अनुसार राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्रतिनिधि कप्तान सत्यनारायण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसईसीएल की गेवरा खदान से उनकी कंपनी के लिए भेजे गए उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 कोयले में हेराफेरी की जा रही है। 17 जून की रात प्लांट पहुंचे तीन ट्रेलरों की जांच के दौरान कोयले में मिलावट पाए जाने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी गेवरा खदान से उच्च गुणवत्ता वाला जी-11 कोयला लोड कर निकलते थे, लेकिन उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में बेलतरा क्षेत्र स्थित एक कोल डिपो में उतार देते थे। इसके बाद ट्रेलरों में निम्न गुणवत्ता का गिट्टी मिश्रित कोयला भरकर राशि स्टील प्लांट पहुंचाया जाता था।

मामले की विवेचना के दौरान ट्रेलर चालक जयकांत यादव से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रेलर मालिकों, अन्य सहयोगियों और कोल डिपो संचालक के साथ मिलकर यह पूरा खेल किया जाता था। उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को डिपो में रख लिया जाता था और उसकी जगह मिलावटी कोयला प्लांट भेज दिया जाता था। इसके बदले मिलने वाली रकम का सभी आरोपी आपस में बंटवारा करते थे।

पुलिस ने मामले में झारखंड के गढ़वा निवासी ट्रेलर चालक जयकांत यादव (38 वर्ष), बिलासपुर के अशोक नगर निवासी ट्रेलर मालिक सुनीत यादव (23 वर्ष), कोरबा जिले के दीपका निवासी ट्रेलर मालिक सूरज सिंह (31 वर्ष) तथा बिलासपुर के देवरीखुर्द निवासी कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डिपो में रखे कोयले में रोलर मशीन के माध्यम से मिलावट की जाती थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला जब्त किया है।

मस्तूरी थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4) एवं 111 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि कोयला अफ़रातफ़री और चोरी, अवैध कारोबार और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS