रायपुर, 22 जून। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड आईएसबीटी एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश का सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन, पर्यावरण, जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी ये परियोजनाएं पूरी होने के बाद रायगढ़ विकास का नया मॉडल बनकर उभरेगा।
नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव
प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल यातायात सुविधा नहीं, बल्कि शहर की नई पहचान बनेगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी, यातायात सुगम होगा और लोगों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलेगा। उन्होंने नवंबर तक परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा आईएसबीटी
निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निरीक्षण करते हुए ओपी चौधरी ने बताया कि यह परियोजना आगामी दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। यहां एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए भी पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यात्रियों के लिए करीब 550 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक प्रतीक्षालय और बसों के रखरखाव के लिए अलग वर्कशॉप क्षेत्र भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ को प्रदेश और देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस हरित परिसर को उन्होंने शहर के पर्यावरणीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ में विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ-साथ हरित परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


